चेन्नई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने तमिलनाडु दौरे के दौरान चेन्नई में मेट्रो की नई लाइन का हरी झंडी दिखाकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर राज्य को 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात मिली। प्रधानमंत्री मोदी ने चेन्नई मेट्रो के दूसरे चरण के अंतर्गत पूनमल्ली से वडापलानी तक के 14.6 किलोमीटर लंबे मार्ग का उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक पल के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने मेट्रो ट्रेन में सफर भी किया। इसके बाद आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विजय ने प्रधानमंत्री के समक्ष राज्य के विकास से जुड़ी 6 प्रमुख मांगें रखीं।

 

प्रधानमंत्री मोदी से मुख्यमंत्री विजय के प्रमुख अनुरोध

 

  • मेट्रो के तीसरे चरण को मंजूरी: मुख्यमंत्री ने चेन्नई मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के तीसरे चरण को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध किया है। इस चरण में एयरपोर्ट से किलांबक्कम, पूनमल्ली से सुंगुवरचत्रम और कोयंबटूर से पट्टाबिराम तक लगभग 65 किलोमीटर का क्षेत्र शामिल है, जिससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को व्यापक मजबूती मिलेगी।

  • कोयंबटूर और मदुरै मेट्रो प्रोजेक्ट्स: तमिलनाडु के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों के भविष्य के आर्थिक विकास को गति देने के लिए कोयंबटूर और मदुरै शहरों में मेट्रो रेल निर्माण के प्रस्ताव पर केंद्र सरकार से पुनर्विचार करने की मांग की गई है।

    The Hindu

  • अंतर-राज्यीय मेट्रो लाइन: तमिलनाडु के होसुर से कर्नाटक के बोम्मासंद्रा तक एक नई इंटर-स्टेट मेट्रो रेल लाइन को मंजूरी दिए जाने का अनुरोध किया गया है, जिससे दोनों पड़ोसी राज्यों के नागरिकों को सुगम आवागमन का लाभ मिल सके।

  • नदियों को आपस में जोड़ना और राष्ट्रीय परियोजना: राज्यों के बीच जल संसाधनों का संतुलित व समान वितरण सुनिश्चित करने के वास्ते गोदावरी-कावेरी लिंक परियोजना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इसे एक राष्ट्रीय परियोजना के रूप में आगे बढ़ाने की अपील की गई है।

  • हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर: तमिलनाडु में परिवहन सेवाओं को अत्याधुनिक बनाने के लिए चेन्नई से कन्याकुमारी और चेन्नई से कोयंबटूर तक हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया गया है, जिससे पर्यटन क्षेत्र को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।

  • समग्र शिक्षा अभियान (SSA) की राशि: केंद्र सरकार से तमिलनाडु को मिलने वाली एसएसए योजना की 5 हजार 110 करोड़ रुपये की बकाया राशि को बिना किसी अतिरिक्त शर्त के तुरंत जारी करने की मांग रखी गई है।