राजस्थान के कई जिलों में जारी शीत लहर, इन राज्यों में घने कोहरे के साथ शीतलहर की चेतावनी

राजस्थान के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति जारी रही और शुक्रवार को पूरे राज्य में शुष्क मौसम देखा गया। इसकी जानकारी मौसम विभाग ने शुक्रवार को दी।
मौसम कार्यालय ने कहा कि कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया और सीकर जिले के फतेहपुर में पारा 1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
श्रीगंगानगर में शुक्रवार सुबह घना कोहरा देखने को मिला।
चूरू और पिलानी में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस, सीकर में 2.5 डिग्री सेल्सियस, करौली में 2.9 डिग्री सेल्सियस, संगरिया और धौलपुर में 3 डिग्री सेल्सियस, श्री गंगानगर में 4.1 डिग्री सेल्सियस, अंता में 5.1 डिग्री सेल्सियस, अंता में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, एरनपुरा रोड में, भीलवाड़ा में 5.4 डिग्री, बनस्थली में 5.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
जयपुर में शुक्रवार सुबह तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन राज्यों में घने कोहरे के साथ शीतलहर की चेतावनी
12-15 जनवरी के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में सुबह के समय बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
12 और 13 जनवरी को सुबह पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। आईएमडी की ओर से अगले 3 दिनों तक घने कोहरे की भविष्यवाणी की गई है।
12 जनवरी को गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, जम्मू संभाग में, 12 और 13 जनवरी को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तरी मध्य प्रदेश में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
12-15 जनवरी के दौरान असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा में भी घना कोहरा छाया रहेगा।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में 12 और 13 जनवरी को, पंजाब में 13-15 जनवरी के दौरान भीषण शीत लहर की स्थिति जारी रहेगी।
उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में 12 और 13 जनवरी को, पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश में 12 जनवरी को ठंडे दिन की स्थिति जारी रहने की संभावना है।
आईएमडी ने भविष्यवाणी की है कि इसके बाद ठंडे दिन की स्थिति कम होने की संभावना है।
बारिश को लेकर अलर्ट
12 और 13 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है।
16 और 17 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश या बर्फबारी की संभावना है।