भाजपा नेता को गैंगस्टर के नाम से मिली जान से मारने की धमकी
डीडवाना-कुचामन| जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। भाजपा नेता और पलाड़ा सरपंच प्रतिनिधि विजय सिंह पलाड़ा को कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग से जुड़े वीरेंद्र चारण के नाम से लगातार धमकी भरे ऑडियो संदेश मिल रहे हैं। पुलिस सुरक्षा मिलने के बावजूद अपराधियों की खुली चुनौती से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सोमवार दोपहर करीब 3 बजे पलाड़ा को एक और धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला। ऑडियो में कथित रूप से कहा गया कि जो हाल रमेश रुलानिया का हुआ था, वही तेरा होगा… दो-चार दिन की देरी हो सकती है, लेकिन तुझे कहीं भी मार देंगे। यह तीसरी बार है जब इस तरह की धमकी मिली है। इससे पहले 13 फरवरी को पहला ऑडियो संदेश आया था, जिसे लेकर पलाड़ा ने 14 फरवरी को देखकर कुचामन थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसी रात दो और धमकी भरे संदेश मिले, जिनमें राजू ठेठ, गोगामेड़ी और रमेश रुलानिया जैसा अंजाम देने की चेतावनी दी गई थी। शुरुआती संदेश में कथित रूप से गैंग के लिए आर्थिक सहयोग की मांग भी की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीडवाना एसपी के निर्देश पर पलाड़ा की सुरक्षा में दो सशस्त्र गार्ड तैनात किए गए हैं। पुलिस ने साइबर टीम को सक्रिय किया है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। हालांकि, सुरक्षा के बावजूद नई धमकी मिलने से स्थानीय लोगों में पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। धमकी में जिस रमेश रुलानिया का जिक्र किया गया, वे कुचामन के एक कारोबारी थे, जिनकी अक्टूबर 2025 में जिम में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड की जिम्मेदारी कथित रूप से रोहित गोदारा गैंग और वीरेंद्र चारण ने ली थी। पुलिस ने उस मामले में कई गिरफ्तारियां की थीं, लेकिन गैंग की गतिविधियां पूरी तरह थमी नहीं हैं।
कुचामन बंद का आह्वान
लगातार मिल रही धमकियों और पुलिस की कथित सुस्ती के विरोध में स्थानीय व्यापारिक संगठनों और सर्वसमाज ने आज कुचामन बंद का आह्वान किया है। व्यापारिक महासंघ ने सभी दुकानों और प्रतिष्ठानों को बंद रखने और विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। लगातार आ रहे ऑडियो संदेशों और विदेशी नंबरों से कॉल की आशंका ने साइबर अपराध की चुनौती भी बढ़ा दी है। भाजपा नेता होने के बावजूद पलाड़ा की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रशासन के लिए यह कानून-व्यवस्था की बड़ी परीक्षा मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और साइबर माध्यमों से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

हनुमानताल पुलिस बेखबर, गोरखपुर CSP की दबिश में 10 जुआरी गिरफ्तार
27 अप्रैल को MP विधानसभा का विशेष सत्र, नारी शक्ति वंदन पर होगी चर्चा
आईपीएस एसोसिएशन मध्यप्रदेश ने विधायक प्रीतम सिंह लोधी की टिप्पणी पर जताई कड़ी आपत्ति
एंबुलेंस नहीं मिली तो जवान बने सहारा, गर्भवती को पहुंचाया अस्पताल
PHE में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, क्लर्क के इशारे पर पहुंचा पम्प अटेंडेंट
दिल्ली-NCR में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, ISI के दो एजेंट गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ में पदोन्नति आरक्षण की राह आसान: ST-SC वर्ग के लिए बनेगा 'क्वांटिफिएबल डेटा'