महिलाओं के लिए सुरक्षित सफर, पटना में जल्द शुरू होंगी पिंक बसें
पटना: राजधानी में अगले माह जून से सड़कों पर महिलाओं के लिए विशेष पिंक बसें दौड़ने लगेंगी। पटना में इन बसों के परिचालन का रूट भी निर्धारित कर लिया गया है।
पहली पिंक बस गांधी मैदान से दानापुर स्टेशन तक के लिए चलेगी। इसके अलावा गांधी मैदान से पटना एम्स, पटना साहिब, कुर्जी आदि रूट पर भी बसों का परिचालन किया जाएगा।
बस का परिचालन शुरुआत में हर दिन सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक गांधी मैदान से होगा। इन बसों का संचालन सीएनजी से होगा।
परिवहन विभाग के अनुसार, पिंक बस में सफर करने के लिए किफायती दर पर मासिक पास बनेगा। इसके लिए छात्राओं से 400 रुपये और कामकाजी महिलाओं से 550 रुपये शुल्क लिया जाएगा। रोजाना सफर करने वाली महिलाओं का टिकट शुल्क छह से लेकर 25 रुपये तक होगा।
परिवहन मंत्री शीला कुमारी ने बताया कि बसों में उन सभी सुविधाओं को जोड़ा गया है, जिससे महिलाओं को सफर में सहूलियत होगी।
बस का किराया भी बेहद कम है, ताकि सुविधाजनक सफर छात्राओं से लेकर रोजाना काम पर जाने वाली महिलाओं तक को मिले।
भागलपुर, पूर्णिया और मुजफ्फरपुर में भी चलेंगी पिंक बसें
पहले चरण में परिचालन के लिए अब तक 20 पिंक बसें आ चुकी हैं, जिनमें जून से पटना में 10 बसें चलेंगी। इसके एनओसी, रजिस्ट्रेशन एवं परमिट का काम जल्द पूरा हो जाएगा।
आने वाले दिनों में बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की देखरेख में भागलपुर, पूर्णिया और मुजफ्फरपुर में भी पिंक बस सेवा शुरू करने की योजना है।
राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में प्रदेश के मुख्य शहरों में महिलाओं और छात्राओं के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पिंक बस योजना लागू की है।
इस योजना के तहत 25 सीटों वाले पिंक बस में सीसीटीवी कैमरे के साथ पैनिक बटन, चार्जिंग प्वाइंट और माइक की भी सुविधा दी गयी है। ड्राइवर के हाथ में ही सारे फीचर कंट्रोल की सुविधा होगी।
पटना में पिंक बस की होगी यह रूट
गांधी मैदान-मगध महिला कॉलेज-पटना महिला कॉलेज-जेडी वीमेंस कॉलेज-आइजीआइएमएस-सगुना मोड़-दानापुर स्टेशन।
गांधी मैदान-मगध महिला कॉलेज-पटना जंक्शन-पुराना सचिवालय-चितकोहरा-अनीसाबाद-महावीर कैंसर संस्थान-फुलवारी चौक-एम्स अस्पताल।
गांधी मैदान-मगध महिला कॉलेज-पटना जंक्शन-राजेंद्र नगर-एनएमसीएच-कुम्हरार-ढनकी मोड़-जीरो माइल-टेंट सिटी मोड़-पटना साहिब स्टेशन।
गांधी मैदान-मगध महिला कॉलेज-पटना वीमेंस कॉलेज-बोरिंग रोड गोलंबर-एएन कॉलेज-पानी टंकी-पाटलिपुत्र गोलंबर-पीएंडएम मॉल-कुर्जी-दीघा-बाटा मोड़-दानापुर बस स्टैंड।
गांधी मैदान-आरटीए कार्यालय (गोलघर)-पुलिस लाइन मोड़-बांस घाट-राजापुर पुल-एलसीटी घाट-कुर्जी-दीघा-दानापुर बस स्टैंड।

वनाधिकार पट्टा और पीएम आवास से मुरिया परिवार को मिला नया जीवन
वर्मी कंपोस्ट उत्पादन बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल
राज्यपाल पटेल से भारतीय विदेश सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी मिले
मध्यप्रदेश को सामाजिक न्याय के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिये करें समन्वित प्रयास : मंत्री कुशवाह
लेमनग्रास -किसानों के लिए कम पानी में ज्यादा कमाई का साधन
चेकडैम बना ग्रामीण आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार, जल संरक्षण से बदली खेती की तस्वीर
कौशल और सामाजिक उद्यमिता से होगा भारत विकसित : राज्यपाल पटेल
द्वारका नगरी योजना से शहरी विकास को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से बदली तस्वीर